19 Nov 2026 | नई दिल्ली राष्ट्रीय संस्करण
Dainik Newspaper
हमसे जुड़ें
पता: प्रेस कॉम्प्लेक्स, बहादुर शाह ज़फ़र मार्ग, आईटीओ, नई दिल्ली - 110002
सरगुजा संभाग

छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारियों पर आयकर विभाग की कार्रवाई, PRA ग्रुप के कई ठिकानों पर छापे

Dainik Editor • 18 नवंबर 2026
1 बार देखा गया
छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारियों पर आयकर विभाग की कार्रवाई, PRA ग्रुप के कई ठिकानों पर छापे

रायपुर से रायगढ़ और अंबिकापुर से बिलासपुर तक पहुंची IT की टीमें, कारोबारी रिकॉर्ड खंगाल रहे अधिकारी।

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग (IT) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के चर्चित निर्माण कारोबारी और PRA ग्रुप से जुड़े रमेशचन्द्र अग्रवाल के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई से प्रदेश के कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में मनेंद्रगढ़ रोड (एमजी रोड) स्थित रमेश अग्रवाल के आवास पर भी आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की है। सुबह से ही भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारी घर के भीतर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और कारोबारी लेन-देन से जुड़े कागजात की जांच कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, प्रदेशभर में चल रही इस कार्रवाई में आयकर विभाग की एक दर्जन से अधिक टीमें शामिल हैं। रमेशचन्द्र अग्रवाल का निर्माण और सड़क ठेकेदारी से जुड़ा कारोबार छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में फैला हुआ है। इसी कड़ी में आयकर विभाग की एक अन्य टीम सूरजपुर स्थित उनके मूल निवास पर भी पहुंची, जहां दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

आयकर विभाग की यह कार्रवाई केवल अंबिकापुर और सूरजपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के कई बड़े शहरों में PRA ग्रुप और उससे जुड़े कारोबारियों के ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया है। राजधानी रायपुर में PRA ग्रुप से जुड़े कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल और महेश राय अग्रवाल के खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसायटी के आवासों पर भी आयकर विभाग की टीमें जांच कर रही हैं।

वहीं, औद्योगिक शहर रायगढ़ में PRA ग्रुप की सहयोगी फर्म बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़े बर्बरीक हाउस सहित चार ठिकानों पर अधिकारियों ने दबिश दी है। यहां सुबह करीब पांच बजे से 12 से 15 अधिकारियों की टीम वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटी हुई है।

बिलासपुर में भी आयकर विभाग की कार्रवाई की आंच पहुंची है। यहां बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल के विद्यानगर स्थित आवास और व्यापार विहार स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अधिकारियों की टीम जांच कर रही है। इसके अलावा जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।

प्रदेश के अलग-अलग शहरों में एक साथ हुई इस कार्रवाई को लेकर कारोबारी जगत में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक छापेमारी के उद्देश्य, संभावित कर अनियमितताओं या जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

फिलहाल अंबिकापुर, सूरजपुर, रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा सहित विभिन्न स्थानों पर आयकर विभाग की जांच जारी है। कार्रवाई का वास्तविक दायरा कितना बड़ा है, किन वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, इसकी तस्वीर विभाग की आधिकारिक जानकारी और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

साझा करें (Share): WhatsApp Facebook X

संबंधित खबरें (Related Stories)