19 Nov 2026 | नई दिल्ली राष्ट्रीय संस्करण
Dainik Newspaper
हमसे जुड़ें
पता: प्रेस कॉम्प्लेक्स, बहादुर शाह ज़फ़र मार्ग, आईटीओ, नई दिल्ली - 110002
सरगुजा संभाग

सरगुजा संभाग में दहशत फैलाने वाले कबरा हाथी पर वन विभाग का शिकंजा

Dainik Editor • 18 नवंबर 2026
1 बार देखा गया
सरगुजा संभाग में दहशत फैलाने वाले कबरा हाथी पर वन विभाग का शिकंजा

छह दिन के ऑपरेशन के बाद मिली सफलता, कॉलर आईडी से अब रखी जाएगी हर गतिविधि पर नजर

छह दिन की मशक्कत के बाद कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज करने में वन विभाग को बड़ी सफलता

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में लंबे समय से दहशत का पर्याय बने कबरा हाथी को काबू करने के अभियान में वन विभाग की टीम को आखिरकार बड़ी कामयाबी मिली है। करीब छह दिनों से लगातार चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज करने में सफलता हासिल की है। हाथी को बेहोश करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके पूरी तरह बेहोशी की अवस्था में पहुंचने के बाद विशेषज्ञों की टीम उसके गले में रेडियो कॉलर आईडी लगाएगी।

कॉलर आईडी लगने के बाद हाथी की लोकेशन और गतिविधियों पर वन विभाग लगातार नजर रख सकेगा। इससे हाथी की आवाजाही का पता लगाने और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में समय रहते सतर्कता बरतने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि कबरा हाथी पिछले करीब छह महीनों से सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के अलग-अलग इलाकों में लगातार उत्पात मचा रहा था। इस हाथी के हमलों में अब तक 19 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। लगातार हो रही जनहानि और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग ने उसे ट्रेंक्यूलाइज कर रेस्क्यू करने का फैसला लिया था।

हालांकि, इस अभियान को अंजाम देना वन विभाग के लिए आसान नहीं था। ऑपरेशन के दौरान कबरा हाथी 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था। ऐसे में झुंड से उसकी पहचान कर उसे सुरक्षित तरीके से अलग ट्रेंक्यूलाइज करना टीम के सामने बड़ी चुनौती बन गया था।

कबरा हाथी की पहचान और निगरानी के लिए वन विभाग ने प्रशिक्षित कुमकी हाथियों, ड्रोन और विशेषज्ञों की मदद ली। लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और कई दिनों तक अलग-अलग स्तर पर अभियान चलाया गया। आखिरकार छह दिनों की मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली।

अब अभियान का अगला महत्वपूर्ण चरण हाथी के गले में रेडियो कॉलर आईडी लगाना है। इसके बाद उसकी लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। कबरा हाथी के ट्रेंक्यूलाइज होने से वन विभाग के साथ-साथ उन ग्रामीणों ने भी राहत की उम्मीद जताई है, जो लंबे समय से उसके आतंक के साये में जी रहे थे। अब सभी की नजरें कॉलर आईडी लगाने और आगे की रेस्क्यू प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

साझा करें (Share): WhatsApp Facebook X

संबंधित खबरें (Related Stories)