06 Nov 2026 | नई दिल्ली राष्ट्रीय संस्करण
Dainik Newspaper
हमसे जुड़ें
पता: प्रेस कॉम्प्लेक्स, बहादुर शाह ज़फ़र मार्ग, आईटीओ, नई दिल्ली - 110002
अंबिकापुर

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरी भाजपा, विजय शर्मा ने कांग्रेस पर बोला हमला

Dainik Editor • 06 नवंबर 2026
0 बार देखा गया
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरी भाजपा, विजय शर्मा ने कांग्रेस पर बोला हमला

अम्बिकापुर में विशाल पदयात्रा के बाद आमसभा, एसआईआर के विरोध को लेकर विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप।

अम्बिकापुर, 05 नवंबर 2026। देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच अम्बिकापुर में भाजपा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ जोरदार राजनीतिक प्रदर्शन किया। भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत सरगुजा भाजपा ने गुरुवार को शहर में विशाल पदयात्रा निकालकर आमसभा आयोजित की। कार्यक्रम में पहुंचे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि घुसपैठियों के नाम पर विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दल इस प्रक्रिया का विरोध कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने के पक्ष में खड़ा है, जबकि संविधान विदेशी नागरिकों को मतदान का अधिकार नहीं देता।

पीजी कॉलेज से कलाकेन्द्र मैदान तक निकली पदयात्रा

भाजपा की यह पदयात्रा पीजी कॉलेज मैदान से प्रारंभ हुई। यहां से कार्यकर्ता अंबेडकर चौक, गांधी चौक और घड़ी चौक होते हुए कलाकेन्द्र मैदान पहुंचे, जहां विशाल आमसभा आयोजित की गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए।

आमसभा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सांसद चिंतामणि महाराज सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।

एसआईआर के नाम पर जनता को गुमराह कर रहा विपक्ष : विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एसआईआर पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दल इस संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात का हवाला देकर युवाओं को सड़कों पर उतारने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है।

शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान में विदेशी नागरिकों को मतदान का अधिकार नहीं दिया गया है। ऐसे में मतदाता सूची से अपात्र और फर्जी नाम हटाने की प्रक्रिया का विरोध करना समझ से परे है।

उन्होंने एसआईआर के दौरान हटाए गए 13 करोड़ नामों को लेकर विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने पर कहा कि इनमें करीब तीन करोड़ ऐसे मतदाता थे, जो सत्यापन के लिए सामने नहीं आए और न ही उनके संबंध में किसी ने दावा प्रस्तुत किया।

छत्तीसगढ़ में 27 लाख से अधिक नाम हटने का किया दावा

उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 27 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया निर्धारित दावा-आपत्ति के प्रावधानों के तहत संपन्न हुई है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब उसे चुनाव प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी नजर नहीं आती, लेकिन हारने पर वोट चोरी और चुनावी पारदर्शिता का मुद्दा उठाया जाने लगता है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को मजबूत करने और घुसपैठियों को बाहर करने के लिए प्रतिबद्ध है।

संसद में हंगामा कर अराजकता फैला रहा विपक्ष : चिंतामणि महाराज

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि देश में अराजकता की स्थिति नहीं है, बल्कि विपक्षी दल जानबूझकर ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद की कार्यवाही बाधित करने से लेकर युवाओं को भ्रमित करने तक विपक्ष का रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुकूल नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने के लिए संवैधानिक तरीके मौजूद हैं। जनता आने वाले चुनावों में ऐसे कृत्यों का जवाब देगी।

राहुल गांधी पर निशाना, ऑपरेशन सिंदूर का भी किया जिक्र

छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कांग्रेस और विपक्षी दलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नकारात्मक नैरेटिव तैयार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतों के सहयोग से देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना ने यह अभियान संचालित किया, उनके खिलाफ विपक्ष लगातार नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है।

श्रीवास्तव ने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश में पहले भी कई बार इस तरह का पुनरीक्षण हो चुका है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी बैलेट तो कभी ईवीएम को लेकर सवाल उठाकर चुनाव प्रक्रिया पर भ्रम फैलाया जाता है।

उन्होंने शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा, "उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा।" उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और देश की जनता ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देंगे।

आपातकाल की याद दिलाकर कांग्रेस को घेरा : भारत सिंह सिसोदिया

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने आपातकाल का वह दौर भी देखा है, जब नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अतीत में भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में जरूरी कदम है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर और जनसंपर्क के माध्यम से एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब देंगे।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष और अरुणा सिंह ने किया, जबकि विधायक एवं कार्यक्रम प्रभारी प्रबोध मिंज ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार टोप्पो, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह भामरा, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों और मोर्चों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

साझा करें (Share): WhatsApp Facebook X

संबंधित खबरें (Related Stories)