18 Oct 2026 | नई दिल्ली राष्ट्रीय संस्करण
Dainik Newspaper
हमसे जुड़ें
पता: प्रेस कॉम्प्लेक्स, बहादुर शाह ज़फ़र मार्ग, आईटीओ, नई दिल्ली - 110002
अपराध

शिक्षक को कथित तौर पर धमकाने के मामले में यूट्यूबर दीपक यादव गिरफ्तार, दो साथी भी जेल में

Dainik Editor • 16 अक्टूबर 2026
1 बार देखा गया
शिक्षक को कथित तौर पर धमकाने के मामले में यूट्यूबर दीपक यादव गिरफ्तार, दो साथी भी जेल में

शिक्षक से 10 हजार रुपये मांगने और वीडियो वायरल करने के आरोपों ने पकड़ा तूल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को भेजा जेल।

बलरामपुर। शिक्षक को कथित तौर पर धमकाकर 10 हजार रुपये मांगने और सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर बदनाम करने के मामले में पस्ता पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। तीनों आरोपियों ने 14 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। मामले में आरोपियों पर शिक्षक से रुपये मांगने, धमकी देने और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं।

फाउंडेशन के नाम पर रुपये मांगने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पस्ता थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके सहयोगियों ने अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल कर बदनाम करने तथा नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

विद्यालय पहुंचकर बनाने लगे वीडियो

शिकायत के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे। इस दौरान शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि दीपक यादव ने अपने सहयोगियों की मदद से वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिससे उनकी व्यक्तिगत एवं सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ विद्यालय की छवि भी प्रभावित हुई।

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, दर्ज किए बयान

मामले की शिकायत पर पस्ता थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने शिक्षक और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव भी जब्त की गई। इसके अलावा शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज एकत्र किए गए।

अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद किया आत्मसमर्पण

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक यादव ने अग्रिम जमानत के लिए बिलासपुर उच्च न्यायालय में आवेदन दिया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया। इसके बाद 14 अक्टूबर को तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में यूट्यूबर दीपक यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम टांगरमहरी, थाना बलरामपुर; श्रवण यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता; और सूर्या यादव (20 वर्ष), निवासी बलरामपुर शामिल हैं।

सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील

बलरामपुर पुलिस ने आम लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने से पहले तथ्यों की सत्यता सुनिश्चित करना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की धमकी या अवैध मांग किए जाने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना देने की अपील भी की गई है।

साझा करें (Share): WhatsApp Facebook X

संबंधित खबरें (Related Stories)